Sunday 1 January 2012

दोहे, नईदुनिया (04/12/11)

व्यंग्य


                   सर जी की ईमानदारी 
                                             -ओम वर्मा 
ज़ब के ईमानदार हैं हमारे सर जी ! वे जहाँ खड़े हो जाते हैं, ईमानदारी वहीं से शुरू होती है | उनकी ईमानदारी पर भगवान सत्यनारायण सहित सारे देवी-देवता, यक्ष, किन्नर, गांधर्व सभी इतने खुश हैं कि आकाश से लगातार पुष्प वर्षा  कर रहे हैं | न तो उन्होंने कल पैसा  खाया था , न वे आज खाते हैं और हर देशवासी को भरोसा है कि न ही कल खाएंगे | वे हमारे बॉस जो हैं ! चूंकि उन्होंने आज तक कभी नौकर तक को नहीं डांटा, तो आख़िरी वक़्त में किसी से क्यों बुरे बनें ? "राम की चिड़िया राम का खेत, खाओ री चिड़िया भर भर पेट" उनके जीवन का शुरू से ही मूलमंत्र है इसलिए वे ईसा मसीह की तरह हर वक़्त ईश्वर से सिर्फ यही प्रार्थना करते रहते हैं कि "हे ईश्वर ! इन खाने वालों को क्षमा करना ! ये नहीं जानते कि ये क्या खा रहे हैं !"

वे ईमानदारी के विश्वामित्र हैं और बेईमानी की मेनका उनकी तपस्या भंग नहीं कर सकती | वे ईमानदार हैं और ईमानदारी उनकी परिणीता है | ईमानदारी की सावित्री को ईमानदारी के सत्यवान से कोई यमराज भी जुदा नहीं कर सकता | उन्हें ईमानदार सत्यवान की तरह चिंता है तो सिर्फ ईमानदारी की मूर्ति...अपनी सावित्री की | अपने ईमानदार प्रभा मंडल पर वे ग्रीक देवता नार्सिसस   की तरह आत्म मुग्ध हैं | सर जी जो कि एक पूरे मुल्क के राजा  हैं, उन पर चढ़ा ईमानदारी का आवरण  इतना सख्त व ओपेक (opaque) यानी अल्पपारदर्शक है कि उसके पार प्रजा का हाल  देख पाने में वे अभी असमर्थ हैं |

ईमानदार तो वे इतने अधिक हैं कि पिछले दो युद्धों में उनसे पराजित हो चुके सेनापति भी उन्हें ढीला-ढाला राजा कहने की हिम्मत तो कर लेते हैं, पर उनकी ईमानदारी पर उँगली उठाने की हिम्मत कभी नहीं कर पाए | बल्कि विपक्षी खेमों के सारे सेनापति भी अपने बच्चों, नाती-पोतों को उनकी ईमानदारी की कहानियाँ सुनाते हुए नहीं अघाते | 

वे ईमानदार हैं उस 'बाबा ' की तरह जिसने ब्रह्मचर्य व्रत  ले रखा है और जो स्त्री की छाया से भी कोसों दूर भागता है | उनका कोई संगी-साथी उनके ही सामने किसी अबला का चीरहरण कर रहा है और वे निस्पृह व शांतचित्त बैठे हैं | वे दुराचारी का वध करने में समर्थ हैं, पर इसका जोखिम वे इसलिए नहीं उठाना चाहते कि इस चक्कर में स्त्री स्पर्श से कहीं उनका ब्रह्मचर्य न टूट जाए !

वे ईमानदार हैं 'शोले' के ठाकुर की तरह जिसके हाथ दुराचारी गब्बर ने काट रखे हैं और दुर्भाग्य से इस ठाकुर की सहायता के लिए न जय मिल रहा है न वीरू ! हर कोई पूरे पाँच साल बसंती को कांच के टुकड़ों पर नचाना चाहता है | ईमानदारी के मामले में तो जनाब यदि थोड़ी गहराई से देखा जाए तो सर जी राजा हरीशचंद्र हैं, वो हरीशचंद्र जिनके सामने उनकी तारामती गिड़गिड़ा रही है, रोहित की मिट्टी खराब हो रही है, मगर ईमानदार हरीशचंद्र अपने फर्ज़ के आगे मजबूर हैं | वे हेमलेट की तरह 'टू बी ऑर नॉट टू बी ' के द्वंद्व में फंसे ईमानदार राजकुमार हैं जिसे मालूम है कि बाप का हत्यारा सामने है मगर मासूम प्रिंस हाथ बाँधे खड़ा है |
'जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन वैसी' की तर्ज पर वे ईमानदार हैं इसलिए वे स्टाफ और सारे सहयोगियों  में भी ईमानदार की छवि ही देखते हैं | जैसे भीष्म ने आजीवन अविवाहित रहने की प्रतिज्ञा की  थी, वैसे ही हमारे सर जी ने भी आजीवन किसी पर 'कार्रवाई ' न करने की शपथ ले रखी है | वे धृतराष्ट्र की तरह ईमानदार हैं जिन्होंने 'कुछ भी होते ' अपनी आँखों से देखा ही नहीं है तो किसी को दोषी कैसे मानें ? वे उस ईमानदार वणिक की तरह हैं जिसके लिए नौकाओं में भरा हुआ सारा माल-असबाब महज़ 'लता-पत्र ' ही है | कोई 'राजा बेटा ' या कोई 'दाड़ी वाला ' उसमें सेंध लगा भी दे तो क्या फर्क पड़ता है ?

वे इतने इमानदार हैं कि उनकी ही व्यवस्था के  विरोध में अनशन  करने वाले को भी वे फूल भेजना नहीं भूलते , भले ही उनका ही कोई सिपहसालार अनशनकारी को सिर से पैर तक भ्रष्टाचार में लिप्त घोषित कर चुका हो |
   
कल  उनकी  ईमानदारी के किस्से आल्हा-उदल की तरह राजघाट से लेकर जंतर-मंतर तक  गाए जाएंगे | जनपदों में  माताएं अपनी बेटियों को बिदाई पर उनकी तरह ईमानदार बने रहने की सीख देंगी | नैतिक शिक्षा की किताबों में उनकी ईमानदारी की कहानियाँ पढ़ाई जाएंगी ! लोग नत्थूलाल की मूंछ एक बार भूल जाएंगे पर हमेशा कहेंगे कि ईमानदार हो तो हमारे सर जी जैसा ...!                                                                                                           
                                                          ***

                       - ओम वर्मा
                                   100, रामनगर एक्सटेंशन
                                                              देवास
                                                09302379199