Thursday, 10 January 2013


व्यंग्य (पत्रिका, 01.01.13)
              शुभकामनाओं के बहाने !

                     ओम वर्मा om.varma17@gmail.com
मैंने उसे और उसने मुझे, दी नव वर्ष की शुभकामनाएँ ; हालांकि हम दोनों वर्ष भर एक दूसरे के कभी काम न आए !
     बहरहाल, देश की सारी अबोध बालिकाओं से लेकर वयस्क महिलाओं तक को मेरी नव वर्ष की शुभकामना ; प्रभु करे न हो कभी उनका बलात्कारी गेंग से कहीं भी सामना ! किसी प्रदेश की छह करोड़ जनता जिसे तीन बार मान चुकी हो अपना सिरमौर ; उसे कोई नव वर्ष में नहीं कहे बंदर, राक्षस या आदमखोर ! नए वर्ष में सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की संख्या में हो जाए पर्याप्त वृद्धि ; मेरी सरकार को देना प्रभु ऐसी सद्बुद्धि ! नहीं हो अब किसी कन्या भ्रूण का गर्भ में ही    अंत ; नहीं  पैदा हो फिर कोई व्याभिचारी संत ! नहीं लगाए फर्रुखाबाद में अब कोई किसी के आने पर रोक ; नहीं बन सके इंडिया गेट कभी तहरीर चौक ! नहीं चढ़े होरी के सर पर कोई नया उधार ; देश की अर्थ व्यवस्था में कुछ ऐसा हो सुधार ! नए वर्ष में टूट जाए पापाजी का मौन ; वे पहचान सकें कलमाड़ी और राजा है कौन ! नहीं डुबाए सास का नाम कोई दामाद ; भ्रष्टाचार की जड़ों में नहीं लगे और खाद ! नहीं करे कोई नई - पुरानी पत्नी में भेद ; नहीं कर पाए कोई कसाब  सुरक्षा  व्यवस्था  में  छेद ! नहीं  लगे पेट्रोल डीज़ल की कीमतों में फिर  आग ; नहीं छीन सके गरीबों के मुँह का निवाला एफडीआई रूपी काग ! संसद के सत्र चलें बिना व्यवधान ; करना कुछ ऐसा करुणानिधान ! नहीं करे फिर कोई किसान आत्मोत्सर्ग ; तभी होगा नए वर्ष में देश मेरा स्वर्ग ! फेस बुक पर पोस्ट करने पर नहीं हो फिर से किसी लड़की की गिरफ्तारी ; तभी समझूँगा खत्म हुई नव वर्ष में सांप्रदायिकता की बीमारी ! बाबा रामदेव की काले धन की माँग नहीं रहे अधूरी ; सब मिलकर करें इसे नव वर्ष में पूरी। नहीं तड़पे कोई रोहित पाने को बाप का नाम ; नर होकर नारायण को कोई अब और न करे बदनाम ! सभी भूले भटके लक्ष्मण लौट आएं अपने राजा राम के द्वार ; ताकि दलबदल के कारण नहीं हो फिर से किसी के करियर का बण्टाधार ! नहीं खले कमी कभी सचिन की नए साल ; कोई नया सचिन आए और दिखाए वो कमाल ! फिर कोई भाई यदि करे गलती इस साल ; आए फिर कोई शर्मिष्ठा बन कर उसकी ढाल ! नहीं जाए व्यर्थ दामिनी की वो क़ुर्बानी ; नए साल में मर जाए उनकी आँख का पानी ! यदि नहीं मिलेगा पहली जनवरी को मुझे खून की स्याही से छपा अखबार ; तभी बनवाऊँगा तुम्हारे लिए
गत और तोरण का बंदनवार !
    और अंत में यही कि नहीं फिसले बार बार फिर नेताओं की जुबान ; नए वर्ष में सभी नेताओं को ऐसी सद्बुद्धि देना श्रीभगवान !
                        *** 
 100, रामनगर एक्स्टेंशन, देवास ,455001(म.प्र)     


व्यंग्य (नईदुनिया, 27.12.12)  
                       राज और नीति

                                                              ओम वर्मा          om.varma17@gmail.com
राजनीति में दो तरह के लोग होते हैं – एक वे जो सिर्फ राज करना चाहते हैं; या स्वयं  ऐसा समझते हैं कि वे सिर्फ राज करने के लिए ही बने हैं और चाहें तो रात के बारह बजे से राज करना शुरू कर सकते हैं। या फिर  “भियाजी लाओ-देश बचाओ ” के नारे सुन-सुनकर जब उनके कान कार्बाइड से पके फलों की तरह समय से पहले ही पकने लग जाएँ तो उनको “सती माता की जयजयकार “ के नारों के बीच पति की मृत्यु शैया पर सती होने को बाध्य कर दी गई सती माता की तरह मजबूर होकर उचित स्थान ग्रहण करना ही पड़ता है। इन लोगों ने अपनी आँखें खुलते ही परिजनों को सिर्फ लोगों के सलाम स्वीकार करते, गरजते-बरसते या कभी कभार लोगों या सभाओं को संबोधित करते भी देखा है। राजनीति का राज इनके लिए बाँहें फैलाए खड़ा होता है और नीतियाँ हमेशा इनकी अनुगामिनी होती हैं।
        राजनीति व्याकरण की दृष्टि से वह समास है जिसका पहला सामासिक पद राज कुछ गिने चुने लोग या घराने हथिया चुके हैं। बचा दूसरा पद नीति जिसे कुछ लोगों ने कुछ ऐसा जकड़ या पकड़ रखा है कि किसी क़ीमत पर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। ये लोग राजनीति में आए या आना चाहेंगे तो सिर्फ नीति के कारण। नीति ही इनका इश्क़ है, नीति ही इनका ईमान है। ये अपने जैसा दूसरों को भी बनाना चाहते हैं। नीति इनका साध्य है और धरना, घेराव, प्रदर्शन, पुतला-दहन या फिर सवाल-जवाब इनके साधन। कल गांधी और जेपी बनकर ये लोग पहले वालों की नाक में दम करते रहे और आज भी उनके कुछ वंशज हैं जो कुछ ऐसी ही छुट्पुट वारदात करते रहते हैं। ऐसे एक बाबाश्री ने योगाभ्यास से पहले देश का शारीरिक घोटाला उजागर किया, फिर काले धन की वापसी की माँग करके  आर्थिक घोटाले की खबर ली। मगर खानदानी लोगों से पंगा लेने के चक्कर में उन्हें भेस बदलकर गधे के सिर के सींग बनना पड़ा।
           राज करते हुए नीतियों की भोंगली बना कर दादाजी के जमाने में आने वाली चिट्ठियों की तरह दीवार के किसी छेद में खोंस कर रख देने वालों से भिड़ने एक और बाबा आए। इन बाबा की भी यही जिद कि सारे घर के बदल डालूँगा । उधर राज वाले हैं कि टस से मस होने का नाम नही ले रहे और उधर नीति वाले हैं कि उन्हें लाइन पर लाने के लिए अपनी नीतियों पर ही पुनर्विचार करने पर मजबूर हो गए है। इधर नीति अनुगामियों से अलग होकर एक चमत्कारी सज्जन ने जब इनकी पोल खोली तो उनके मन में लड्डू फूटने लगे और इन सज्जन में उन्हें वैतरणी पार करवाने वाली कामधेनु की अदृष्य पूँछ नज़र आने लगी। मगर कामधेनु यकायक ब्रम्होस मिसाइल में तब्दील होकर इन के बजाय उन का भी लक्ष्यभेद करने लगी तो सारे इन से लेकर उन तक को समझ में नहीं आया कि आखिर ये भिया हैं किनकी तरफ?
               आने वाला समय राज वालों का होगा कि नीति वालों का...यही देखेंगे, भुगतेंगे या सहन करेंगे हम लोग...!                                                                                                                                                                ***









        

Saturday, 29 December 2012



व्यंग्य , पत्रिका (28/12/12)
            लकीर पर चिंतन

         ओम वर्मा om.varma17@gmail.com

साँप निकल चुका था। चिंतन जारी था। सबके हाथों में बड़ी बड़ी लाठियाँ थीं। इतने धुरंधरों के होते साँप आखिर बच कर कैसे निकल गया। जवाब देना मुश्किल हो रहा था। माहौल कुछ ऐसा था कि सामूहिक बलात्कार पर बहस में भाग लेते समय भी जिनकी मुस्कराहट गायब नहीं होती थी आज उन्होंने भी गंभीरता औढ़ रखी थी। एक राज्य में तीसरी बार उनकी हार हुई थी और परंपरानुसार बिखरे दूध पर रोया जा रहा था। साँप की छोड़ी गई लकीर पर लाठियाँ भांजी जा रही थीं। हार का ठीकरा फोड़ने के लिए सही सिर तलाशा जा रहा था।
मैंने उसको बंदर कहा था पर शायद लोगों ने उसे हनुमान समझ लिया।एक चिंतक ने कहा।
मैंने तो उसे राक्षस कहा था पर ये लोग उसे राक्षस मानने को तैयार ही नहीं हो रहे हैं।दूसरे चिंतक ने दूर की कौड़ी पेश की।
मैडम ने पहले ही उसको आदमखोर बता दिया था, पर शायद लोगों ने माखनचोर सुन लिया होगा।सिर्फ अपने अद्भुत बयानों के कारण चर्चा में बने रहने वाले एक अन्य आधार स्तंभ ने यहाँ भी वफादारी प्रदर्शन का मौका नहीं छोड़ा।


हम भी उसके मुकाबले के लिए अपने युवराज को लाए थे...कहीं ऐसा तो नहीं कि अपने युवराज की एक्सेप्टिबिलिटी उनके मुकाबले पब्लिक में कम हो ?” एक कम चर्चित पार्टीमेन ने दबी जुबान से थोड़ी हिम्मत करके अंधों की बस्ती में आईने ले लो जैसी आवाज निकालने की कोशिश की।
ये कौन बद्तमीज़ घुस आया है..!एक भियाजी किस्म के कार्यकर्ता ने हाँक लगाई। इतने में बाकी लोगों ने युवराज की स्वीकार्यता पर शंका उठाने वाले ‘विद्रोही’ को अस्वीकार करते हुए टांगा-टोली कर सीधा वानप्रस्थ आश्रम दिखा दिया।
नहींहमारी हार का असली कारण ‘थ्री डी’ टेक्नॉलाजी है जिसके न होने से जहाँ हमारे युवराज एक बार में एक ही जगह दिखते थे वहीं वो किशन कन्हैया की तरह रास लीला में एक दो नहीं पूरे छब्बीस स्थानों पर  गोपियों को अपने अपने साथ नज़र आते थे।“
हार का ठीकरा फोड़ने के लिए सर की तलाश पूरी हुई। छ्ह करोड़ लोग आखिर क्या चाहते थेइस बारे में कभी बाद में सोचेंगे।
***
100, रामनगर एक्सटेंशनदेवास 455001(म.प्र.)
मो.
09302379199

शीत लहर-एक शब्द चित्र - मौसम का बिगड़ा मिज़ाज


व्यंग्य                                                                                        

     शीत लहर-एक शब्द चित्र
             
               
          मौसम का बिगड़ा मिज़ाज
थाशिल्पी प्रेमचंद की कहानी- पूस की रात...!
     ठण्ड से ठिठुरता हल्कू...और ताने मारती मुन्नी...! बार बार कोसती रहती है कि वह इफरात में खर्च न करे ताकि कुछ बचत हो सके और कम्मल खरीदा जा सके ताकि पूस-माघ ढंग से कट सकें।  
     अब परिस्थितियाँ बदल चुकी हैं। कंबल हर घर में है। मगर फिर भी ये सर्दियाँ जानलेवा साबित हो रही हैं। मुन्नियाँ हल्कुओं को कोस रही हैं- “ठण्ड भगाने के लिए कुछ करो...कहा था कि रजाई भारी बनवाना...बनवा लाए चादरे जैसी...! रूम हीटर ही ले आते तो कमरा ही थोड़ा गर्म हो जाता !”
     अब इन मुन्नियों को कौन समझाए कि ठण्ड भगाने के लिए यदि रूम हीटर चलाए गए  तो  बाद  में  बिजली  का बिल देखकर दिमाग पर जो गर्मी चढ़ेगी, उसे उतारने के लिए किस्तों पर एयर कंडीशनर बेचने वाली दुकान ढूढ़ना पड़ेगी।
     आखिर मौसम का मिज़ाज इतना बिगड़ा हुआ क्यों है? क्यों न इन वैज्ञानिक महोदय से ही पूछ लिया जाए।  अरे  ये  क्या ! इन्होंने  तो  अपना हुलिया ही बदल डाला है। फ्रैंच कट दाड़ी गायब है...अंधत्व निवारण शिविर से थोक में ऑपरेशन करवा कर लौटे रोगी की तरह काला चश्मा लगा रखा है और सूट टाई पर शाल
 लपेटे घूम रहे हैं। लेकिन जनाब भले ही लाख पर्दों में छुप जाइएगा...नज़र आइएगा ...नज़र आइएगा...! तो आखिर अलाव तापते रँगे हाथों पकड़े ही गए !
     “कहिए जनाब ! ये शीत लहर आखिर कब तक चलती रहेगी ?”
     “ दरअसल ये ग्लोबल कूलिंग हो रहा है !”
     “लेकिन कल तक तो आप ग्लोबल वार्मिंग के नाम से डरा रहे थे और मुंबई जैसे तटवर्ती शहरों का डूबने का खतरा बता रहे थे...!”
     “मेरा मतलब यह नहीं था...वास्तव में मीडिया ने हमारे बयानों को गलत ढंग से प्रस्तुत किया था !” मेरे देखते ही देखते एक अच्छे खासे मनुष्य का गिरगिटीकरण होने लगा।
     अपने राम को न तो वैज्ञानिकों की बात समझ में आती है, और न ही ज्योतिषियों की। ज्वलंत विषयों पर दोनों वर्गों के लोग जो भविष्यवाणी करते हैं, वह प्रायः फेल हो जाती है। बाद में ये अपनी गणनाओं की त्रुटि का कारण बताने लगते हैं या फिर “हमारा मतलब यह नहीं था...” जैसी बेमतलब की लीपापोती करने लग जाते हैं।
     लाख टके की बात तो यह है कि आखिर इस जमा देने वाले जाड़े से निजात मिले तो कैसे ? अपने बयानों से आग लगाती रहने वाली फायर ब्राण्ड नेत्रियों और ऐसे ही कुछ अन्य बयानवीरों से मैंने पूछा तो उन्होंने मंजूर किया कि वे वैचारिक आग तो लगा सकते हैं मगर भौतिक रूप से गर्माहट नहीं उत्पन्न कर सकते !
  आज समाज में बहस, चिंता, या सफर में अपरिचितों के बीच बातचीत के मुद्दे बदल चुके हैं। कल तक जो लोग राह चलते को रोक कर पूछ लेते थे “भाई नया घोटाला कब सामने आ रहा है”, आज पूछते हैं कि “नए टोपे दुकानों पर आए या नहीं, या “ये स्वेटर कहाँ से लिया, या “आखिर ये ठण्ड कब खत्म होगी यार…?” हिंदी की प्रसिद्ध कहानी उसने कहा था मुझे याद आने लगती है—लहनासिंह के साथी ठण्ड से इतने परेशान हो गए हैं कि चाहते हैं कि जंग हो ताकि कुछ गर्मी ही आए !
     सुबह जिसे देखो वही कुछ कम हाइट वाला नज़र आता है। क्या लोगों की औसत ऊँचाई एक-दो इंच कम हो गई है ? जी नहीं। ध्यान से देखने पर समझ में आता है कि हर शख्स सिकुड़कर गुड़ी-मुड़ी होकर चल रहा है। मिलते ही तपाक से हाथ मिलाने वाला शख्स देखकर मुँह फेर रहा है कि कहीं गलती से जेब की गर्मी छोड़कर हाथ बाहर न निकालना पड़ जाए। गलती से अगर उन्हें हाथ मिलाना भी पड़ जाए तो बहुत देर तक हाथ छोड़ते ही नहीं, मानो उष्मा के परिवहन के सिद्धांत को आज ही सिद्ध करना चाहते हों।
     चौराहे पर देखता हूँ कि पुतलेनुमा किसी वस्तु पर आग लगाई जा रही है। शायद कोई विरोध प्रदर्शन है। मगर तुरंत ही मेरी सारी गलतफहमी दूर हो जाती है। देखता हूँ कि न तो कोई नारेबाज़ी हो रही है और न कहीं कोई झण्डा या बैनर दिखाई देता है। यह तो ठण्ड भगाने का इंतजाम है। जिन्हें मैं प्रदर्शनकारी समझे बैठा था वे और खाकी वर्दी पर चादर लपेटे दो पुलिस के जवान मिलकर हाथ सेंकने का उपक्रम करने लगते हैं।
     धर्म, जाति, और छोटे मोटे स्वार्थों के पीछे उलझ पड़ने वाले लोग या समूह फिलहाल कम से कम इस बात पर तो एकमत हैं कि अमेरिका जैसा देश चाहे मंदी की गिरफ्त में हो, हम इस समय ठण्डी की गिरफ्त में हैं। मुझे लगता है कि जैसे भोपाल के यूनियन कार्बाइड में किसी की गलती से मिक गैस के टैंक का वॉल्व खुल गया था, वैसा ही शायद ऊपर वाले के दरबार में कोई मौसम का स्विच चेंजओवर करना भूलकर गर्ल फ्रैण्ड से मोबाइल पर गप्पें लगाने चला गया है। नीचे वाले मरें तो मरें उसकी बला से !
     घर के कबाड़खाने से झाड़-पोंछकर अँगीठी ढूढ़ निकाली गई है। आखिरी समय में खोटा सिक्का ही तो काम आता है। लकड़ी के कोयले की टाल ढूढ़ ली गई है। शाम को टीवी के सामने इकट्ठे होने के बजाय अलाव के आसपास पंचायत जुड़ने लगी है।
     सुबह हो गई है। दरवाजे पर पेपर फेंकने की आवाज आ चुकी है। कोई भी भागकर पेपर झपटने को तैयार नहीं है। रजाई कौन छोड़े ! आज संडे है। किसकी हिम्मत जो आठ से पहले मुझे उठा सके। घर के वरिष्ठ नागरिक यानी पिताश्री अखबार के बगैर छटपटाने लगते हैं और शाल, टोपे और मौजों के जिरह बख्तर से लेस होकर अखबार उठाने चल देते हैं। बच्चे खुश हैं कि स्कूल का समय बढ़ा दिया गया है। श्रीमती जी कुढ़मुढ़ा रही हैं कि बाई आज भी आती दिखाई नहीं देती।
     सुबह सुबह स्कूलों में बच्चे मुँह से वाष्प छोड़कर धूम्रपान की नकल करने लगते हैं। क...क...किरण बोलने वाले इस शख्स को आप शाहरुख खान समझने की भूल न करें। दरअसल ठण्ड के मारे इसके दाँत किटकिटा रहे हैं। भियाजी बड़े खुश और गणित के पक्के हैं। पारा प्रतिदिन जितना नीचे जाने लगता है, उससे निपटने के लिए वे अंगूर की बेटी से उतनी ही निकटता बढ़ाने लगते हैं। ठण्ड से सबकी अपने अपने ढंग से जंग जारी है।       
                        ***

Wednesday, 19 December 2012



व्यंग्य , (पत्रिका, 19/12/12)
                 मन में लड्डू फूटा
                            ओम वर्मा   om.varma17@gmail.com
त्नी ने चाय का कप हाथ में देते हुए कहा,
      “तुम देश के प्रधानमंत्री क्यों नहीं बन जाते...
      तुम्हारा दिमाग तो नहीं खराब हो गया?” मेरे हाथ से कप गिरते गिरते बचा। चाय तो खैर छलक ही गई थी।
      “अजीब बात है ! किसी को पीएम बनने के योग्य समझना या बताना क्या पागलपन या दिमाग खाराब होने वाली बात है ?” पत्नी के सुषमा स्वराजी स्वरूप का उमा भारतीकरण होने लगा।
       “नहीं, मेरा मतलब है कि मुझमें कहाँ हैं पीएम बनने के गुण...! मेरी तो घर में ही कोई नहीं सुनता…”
      “कोई बात नहीं...बिना कहे सुने भी काम चल सकता है...!”
      “अरे, मेरा मतलब है कि मैं अपने अड़ोस-पड़ोस वालों तक से अपने विवाद या मनमुटाव नहीं सुलझा पाया...।” मैंने चाय का लंबा सिप लिया। चाय बहुत अच्छी लगी।
    “अरे तुम तो पूरी तरह से क्वालीफाय करते जा रहे हो।“ यह सुनकर मेरे मन में लड्डू फूटा !
    “देखो मैंने तुम्हे लॉन्च करने की पूरी तैयारी कर ली है। एक अंग्रेजी अखबार  पैड न्यूज़ के बदले तुम्हें अपने अग्रलेख में पीएम के योग्य बताने के लिए तैयार है। इन दिनों लीक़ से हटकर बयान देने वाले या बयानों से धमाका करते रहने वाले राजा सा. को भी टच करके देख लेंगे। हो सकता है कि वो भी तुमको प्रमोट करके कम से कम नरेंद्रभाई से तो बढ़त दिला ही दें !” पत्नी, पत्नी न रही, किंग मेकर या कहें कि चेयरपर्सन बनने चली थीं।
        मेरे मन में दूसरा लड्डू फूटने लगा था। मैं उस युग की पैदाइश हूँ जिसमें पीएम यानी सिर्फ नेहरू ही होता था...। फिर कॉलेज में आया तो पीएम यानी इंदिरा गांधी जिन्हें बाद में इंडिया के पर्याय के रूप में भी परिचालित किया जाने लगा था...। मगर उसके बाद तो इतने पीएम बन चुके हैं या बनने के सपने देख चुके हैं या पीएम इन वेटिंग के रूप में वेटिंग हॉल में विराजित हैं कि हॉल छोटा पड़ने लगा है। मेरी पत्नी भी मुझे वहाँ देखना चाहती है तो क्या गलत है?
     मैं खुद को पीएम रेस का दावेदार घोषित करता हूँ।
          ***     100, रामनगर एक्सटेंशन , देवास 455001           

Friday, 30 November 2012

दबंग दुनिया , 30/11/12 में प्रकाशित व्यंग्य की लिंक 

http://74.127.61.178/dainikdabang/Details.aspx?id=3781&boxid=175735296#.ULiuBvofqOo.email

व्यंग्य, दबंग दुनिया , 30/11/12
      मोर की दिखावटी पूँछ और मंत्रिमण्डल
                                        ओम वर्मा om.varma17@gmail.com
लिज़ाबेद काल के प्रसिद्ध अँगरेजी निबंधकार सर फ्राँसिस बेकन ने अपने एक निबंध ऑव फालोअर्स एण्ड फ्रेंड्स (Of followers and friends)  में लिखा है कि “शासक या बड़े व्यक्ति को अनुगामियों या मुसाहिबानों की अधिकता से हमेशा बचना चाहिए क्योंकि उनकी अधिकता उनके रखरखाव को बहुत खर्चीला बना देती है ‘’  अपने दरबारियों पर जरूरत से ज्यादा खर्च करने वाले शासक की तुलना मोर से करते हुए वे लिखते हैं- मोर की पूँछ के दिखावटी पंख जितने ज्यादा बड़े होते हैं, उसकी उड़ान में वे उतने ही ज्यादा बाधक भी होते हैं। उनकी साज-सजावट पर उसे अतिरिक्त ध्यान देना पड़ता है सो अलग ‘'
         बेकन के कथन से कम से कम यह तो जाहिर होता ही है कि मंत्रिमण्डल में ज्यादा मंत्री रखने यानी सफेद हाथी पालने की समस्या कल भी थी और आज भी है; पश्चिम में भी थी और पूर्व में भी  है।
       लेकिन बेकन ने जो कहा उसे हम भी मानें यह जरूरी तो नहीं! सूत्रात्मक (aphoristic)शैली में लिखे अपने निबंधों में बेकन ने ऐसी कई बातें कही हैं जिनका पालन खुद उन्होंने नहीं किया। बेकन एक अन्य विचारक एलेक्ज़ेंडर पोप के शब्दों में चतुरतम के साथ-साथ क्षुद्रतम(wisest and meanest of mankind) भी थे। उन्हें राज्य द्वारा दंडित भी किया गया था। तो फिर हम ही क्यों मानें उनकी बात? हम बात भले ही करें पूरे हिंदुस्तान की पर सुनते हैं सिर्फ आलाकमान की।
    अधिवेषणों में गांधी के नाम पर पहने जाने वाली खद्दर की टोपी को पहने गांधी जी का कोई चित्र मैंने तो आज तक कहीं नहीं देखा। तो फिर हमारे मनमोहन जी से ही क्यों अपेक्षा रखी जाए कि वे 79 मंत्रियों वाला जंबो मंत्रिमण्डल का बोझ देश की जनता पर न डालें। जो जनता टू जी से लेकर कोयला खदान के घोटाले तक और महँगे पेट्रोल से लेकर हिमालयीन जड़ी-बूटियों की तरह दुर्लभ होते जा रहे गैस सिलेंडरों की कीमतों के बोझ को सह कर भी जिंदा है वह क्या बाईस नए मंत्रियों का बोझ नहीं सहन कर सकती !
              मंत्रियों की तादाद और दर्ज़े का संबंध अब राज्य की आबादी से जुड़ा मुद्दा भी है। चाहें तो चीन का उदाहरण देख लें जहाँ हर सांसद उपमंत्री के दर्ज़े का होता है। मोरारजीभाई के प्रधानमंत्री काल में चरणसिंह उपप्रधानमंत्री थे। एक बार म.प्र. में दो उपमुख्यमंत्री थे। विद्रोहियों व असंतुष्टों का स्वागत करने की हमारी प्राचीन परंपरा रही है। विभीषण ने लंकेश से विद्रोह किया, पुरस्कार में पाया लंका का राज सिंहासन ! म.प्र. में अर्जुनसिंह के समय कुछ विधायक असंतुष्ट हुए और पाया निगमों व मण्डलों का अध्यक्ष पद ! अब राजनीति में आए हैंलाखों रुपए खर्च कर चुनाव लड़ा है, तो क्या खाली-पीली सांसद या   विधायक  बने  रहने  के  लिए ! फिर जिंदा क़ोमें तो वैसे भी पाँच साल इंतजार नहीं कर सकतीं !      
        मैं डॉ. मनमोहनसिंह के मनमोहक मंत्रिमण्डल के विराट स्वरूप के आगे नतमस्तक हूँ !                                        
***

                                              
                                100, रामनगर एक्स्टेंशन, देवास 455001