Tuesday, 15 October 2013


व्यंग्य (नईदुनिया,15.10.13)
       मात्रा और तादाद          
                                                         ओम वर्मा
                                           om.varma17@gmail.com
वे दोनों आज के महानायक हैं। एक फिल्मों के तो एक राजनीति के। फिल्मी महानायक तो जहाँ भी खड़े हो जाते हैं लाइन वहीं से शुरू होती ही है और राजनीति के महानायक जिस निर्वाचन क्षेत्र या कार्यकर्ता समागम में चले जाते हैं वहाँ या तो  आस्थाएँ बदलने लगती हैं या वहाँ के मुख्यमंत्री के अनुसार डेंगू फैलने लगता है। यह भी जाहिर है कि लोग अपने अपने महानायकों  की अदाओं, उनकी भाव भंगिमाओं और कभी कभी उनकी बातों या भाषा का अनुसरण भी करते हैं। इलाहाबादियों की हिंदी तो वैसे भी बहुत नफीस होती ही है उस पर भी यदि कोई शख्स डॉ हरिवंशराय बच्चन का पुत्र हो तो उससे अपेक्षा और भी बढ़ जाती है। तो ये महानायक जब केबीसी जैसे लोकप्रिय कार्यक्रम का संचालन करते है तो उनसे दर्शकों का भाषाई शुद्धता का आग्रह रखना कतई अनुचित नहीं होगा। इस कार्यक्रम के पिछले सीजन में उनके मुख से एक बार कृपया करके व इस बार फास्टेस्ट फिंगर फ़र्स्ट के प्रतियोगी के लिए अधिक मात्रा में अंक व एक एपिसोड में सिक्किम द्वारा सबसे कम मात्रा में सांसद भेजे जाने की बात सुनकर मेरे हिंदी प्रेमी मन को कुछ वैसा ही झटका लगा जैसे दागियों के चुनाव लड़ने की पात्रता देने वाले अपनी ही पार्टी के अध्यादेश पर कागज फाड़ू क्रांति से यूपीए -3 का ख्वाब देख रहे राहुल गांधी के प्रलाप को देखकर सारे दागियों को लगा था।
     यही स्थिति एक बार तब भी बनी जब गूगल सर्च में सबको पीछे छोड़ने वाले व चुनावों से पहले ही दक्षिण के साहित्यकार अनंतमूर्ति का ब्लड प्रेशर बढ़ाने  वाले आज के चर्चित राजनीतिज्ञ या सियासी महानायक ने पीएम की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद रेवाड़ी में पूर्व सैनिकों के बीच उनके भारी मात्रा में उपस्थित होने का जिक्र किया। दोनों प्रकरणों ने मेरे दिमाग में भारी तादाद में खलबली मचा दी। मेरे ख्याल में अमिताभ सर ने भारी मात्रा में फिल्में की हैं। फिल्मों से उन्होंने भारी तादाद में धन कमाया है और देश में उनके प्रशंसक भी भारी मात्रा में हैं। मैं उनसे ज्यादा उनके पिताश्री का प्रशंसक हूँ जिन्होंने भारी मात्रा में उत्कृष्ट साहित्य रचा है और जिन्हें सुनने के लिए भारी मात्रा में श्रोता एकत्र हुआ करते थे। उनके कार्यक्रम केबीसी के तो क्या कहने ! बहुत कम मात्रा में कुछ (मात्र 15) आसान सवालों के जवाब देकर हम सात करोड़ रु॰ की भारी तादादवाली धनराशि जीत सकते हैं। इस देश में नौजवान मतदाताओं की मात्रा बहुत ज्यादा है। इनमें टेलेंट भी बहुत ज्यादा तादाद में है। जैसे जैसे देश में गरीब लोगों की मात्राबढ़ती जा रही है, वैसे वैसे सरकार की चिंता की तादादभी बढ़ती जा रही है।
     बड़ी ही गड्डमड्ड स्थिति है। दोनों महानायक तादादको मात्रासे कुछ इस अंदाज़ में प्रतिस्थापित कर रहे हैं मानों भारत निर्माण की तर्ज़ पर हो रहा भाषा निर्माण उनका नारा हो। दरअसल मात्रा और तादाद की गड्डमड्ड का यह घालमेल इस समय पूरे देश में जारी है क्योंकि कई क्षेत्रों में मात्रा व तादाद एक दूसरे के समानुपाती साबित हो रहे हैं। जैसे देश में कोयले की मात्रा बढ़ी तो लुटेरों की तादाद भी बढ़ी। इसी तरह ज्यों ज्यों सियासी महानायक को आदमखोर और फेंकू जैसी उपाधियाँ दी गईं त्यों त्यों उनकी लोकप्रियता की मात्रा और और उसी अनुपात में प्रशंसकों की तादाद भी बढ़ती गई। इधर ज्यों ज्यों  फिल्मी महानायक की फिल्मों और प्रशंसकों की तादाद बढ़ी, त्यों त्यों केबीसी में उनकी माँग और लोकप्रियता की मात्रा भी बढ़ी। सभी जगह मात्रा और तादाद भक्त और भगवान की तरह कुछ यूं एकाकार हो गए हैं कि दोनों महानायकों के मुख से भी तादाद की जगह बार बार अब मात्रा मात्रा ..... निकल जाता है।
                 ***
100, रामनगर एक्सटेंशन, देवास 455001 मो.09302379199 

                                       

व्यंग्य, 

दबंग दुनिया , 30/11/12
        

         मोर की दिखावटी पूँछ और मंत्रिमण्डल

                                     
                                                                ओम वर्मा
(om.varma17@gmail.com)
लिज़ाबेद काल के प्रसिद्ध अँगरेजी निबंधकार सर फ्राँसिस बेकन ने अपने एक निबंध ऑव फालोअर्स एण्ड फ्रेंड्स (Of followers and friends)  में लिखा है कि “शासक या बड़े व्यक्ति को अनुगामियों या मुसाहिबानों की अधिकता से हमेशा बचना चाहिए क्योंकि उनकी अधिकता उनके रखरखाव को बहुत खर्चीला बना देती है" अपने दरबारियों पर जरूरत से ज्यादा खर्च करने वाले शासक की तुलना मोर से करते हुए वे लिखते हैं- "मोर की पूँछ के दिखावटी पंख जितने ज्यादा बड़े होते
 हैं, उसकी उड़ान में वे उतने ही ज्यादा बाधक भी होते हैं। उनकी साज-सजावट पर 
उसे अतिरिक्त ध्यान देना पड़ता है सो अलग ।"
         बेकन के कथन से कम से कम यह तो जाहिर होता ही है कि मंत्रिमण्डल में ज्यादा मंत्री रखने यानी सफेद हाथी पालने की समस्या कल भी थी और आज भी है; पश्चिम में भी थी और पूर्व में भी  है।
       लेकिन बेकन ने जो कहा उसे हम भी मानें यह जरूरी तो नहीं! सूत्रात्मक (aphoristic)शैली में लिखे अपने निबंधों में बेकन ने ऐसी कई बातें कही हैं जिनका पालन खुद उन्होंने नहीं किया। बेकन एक अन्य विचारक एलेक्ज़ेंडर पोप के शब्दों में चतुरतम के साथ-साथ क्षुद्रतम(wisest and meanest of mankind) भी थे। उन्हें राज्य द्वारा दंडित भी किया गया था। तो फिर हम ही क्यों मानें उनकी बात? हम बात भले ही करें पूरे हिंदुस्तान की पर सुनते हैं सिर्फ आलाकमान की।
     अधिवेषणों में गांधी के नाम पर पहने जाने वाली खद्दर की टोपी को पहने गांधी जी का कोई चित्र मैंने तो आज तक कहीं नहीं देखा। तो फिर हमारे मनमोहन जी से ही क्यों अपेक्षा रखी जाए कि वे 79 मंत्रियों वाला जंबो मंत्रिमण्डल का बोझ देश की जनता पर न डालें। जो जनता टू जी से लेकर कोयला खदान के घोटाले तक और महँगे पेट्रोल से लेकर हिमालयीन जड़ी-बूटियों की तरह दुर्लभ होते जा रहे गैस सिलेंडरों की कीमतों के बोझ को सह कर भी जिंदा है वह क्या बाईस नए मंत्रियों का बोझ नहीं सहन कर सकती !
       मंत्रियों की तादाद और दर्ज़े का संबंध अब राज्य की आबादी से जुड़ा मुद्दा भी है। चाहें तो चीन का उदाहरण देख लें जहाँ हर सांसद उपमंत्री के दर्ज़े का होता है। मोरारजीभाई के प्रधानमंत्री काल में चरणसिंह उपप्रधानमंत्री थे। एक बार म.प्र. में दो उपमुख्यमंत्री थे। विद्रोहियों व असंतुष्टों का स्वागत करने की हमारी प्राचीन परंपरा रही है। विभीषण ने लंकेश से विद्रोह किया, पुरस्कार में पाया लंका का राज सिंहासन ! म.प्र. में अर्जुनसिंह के समय कुछ विधायक असंतुष्ट हुए और पाया निगमों व मण्डलों का अध्यक्ष पद ! अब राजनीति में आए हैं, लाखों रुपए खर्च कर चुनाव लड़ा है, तो क्या खाली-पीली सांसद या विधायक बने रहने के लिए ! फिर जिंदा क़ोमें तो वैसे भी पाँच साल इंतजार नहीं कर सकतीं !      
      मैं डॉ. मनमोहनसिंह के मनमोहक मंत्रिमण्डल के विराट स्वरूप के आगे नतमस्तक हूँ !                                            ***    

                               
                             100, रामनगर एक्स्टेंशन, देवास
455001    

व्यंग्य (पत्रिका,07.10.13)
                   थूक कर चाटना
                                                       
ओम वर्मा
“पापा, थूक कर चाटना क्या होता है ?” होम वर्क कर रहे बेटे ने एकाएक आराम की मुद्रा में बैठकर टीवी न्यूज़ देख रहे पिताश्री पर नेता प्रतिपक्ष की तरह सवाल दाग दिया।
     “चुपचाप पढ़ाई कर, ऊलजलूल सवाल मत कर।“ पिताश्री ने भी जवाबदेह मंत्री की तरह पल्ला झाड़ते हुए जवाब दिया।
      “पापा मैं होम वर्क ही कर रहा हूँ। हिंदी वाली मैडम ने कुछ मुहावरे दिए हैं जिनके वाक्यों में प्रयोग सहित अर्थ लिखकर ले जाना है।“ बेटे का जवाब सुनकर पिताश्री की हालत राहुल गांधी के बयान के बाद दागी सांसदों और विधायकों को बचाने वाले अध्यादेश की वापसी की पैरवी कर रहे मिलिंद देवड़ा और मीटिंग के बाद वापसी की सूचना दे रहे मनीष तिवारी जैसी हो गई।
     वे शहर की साहित्य समन्वय समिति के अध्यक्ष थे। समिति के सभी सदस्य वर्षों से न सिर्फ घर घर कवि गोष्ठियाँ आयोजित करते आए थे बल्कि सभी के घर शॉल और अभिनंदन पत्रों के ढेर भी लग चुके थे। इस नाते बेटे का हिंदी ज्ञान उनकी अस्मिता का प्रश्न बन चुका था। बेटे की काना मात्रा की गलतियों पर अक्सर उन्हें इसी कारण उलाहने भी सुनना पड़ते थे। आज फिर प्रश्न हिंदी विषय का था और कल सख्त मिजाज मैडम कहीं बेटे को फिर दंडित न कर दे या उनके नाम से फिर से उलाहना न दे दे यह सोचकर पापा ने हिंदी साहित्य सम्मेलन प्रयाग का रामचन्द्र वर्मा द्वारा संपादित मानक हिंदी कोश निकाला। कोश में दिया अर्थ बेटे को लिखाया-
     थूक कर चाटना’, इस मुहावरे के तीन अर्थ हैं- (क) कोई वचन देकर मुकर जाना, (ब) किसी को कोई वस्तु देकर बाद में फिर ले लेना, और (स) फिर कभी वैसा घृणित काम न करने की प्रतिज्ञा करना।“
     “ठीक है पापा। अब वाक्यों में प्रयोग करके भी बता दो।“
     “अब इतना तो तू खुद भी कर सकता है। कब तक बाप की ऊंगली पकड़ कर चलता रहेगा?” उन्होंने बेटे को पप्पू बने रहने से रोकते हुए कहा और टीवी की गर्मागर्म खबरों में खो गए। बेटे का ध्यान भी टीवी स्क्रीन पर चल रही गर्मागर्म बहस पर चला गया। बीच बीच में समय निकालकर कब उसने अपना होमवर्क भी पूरा कर लिया, उन्हें पता ही न चला।
     बेटे की कॉपी का उन्होंने औचक निरीक्षण किया तो चौंक गए। बेटे ने अन्य मुहावरों के साथ थूक कर चाटने पर लिखा था कि जब सरकार कोई अध्यादेश लाए उस पर लंबी लंबी बहसें चलें और फिर उसे राष्ट्रपति के पास भेजा जाए और राष्ट्रपतिजी लौटाएँ उससे पूर्व ही उसे घर के ही बंदे द्वारा बकवास बताने पर वापस ले लिया जाए...इसे कहते हैं थूक कर चाटना...! उनकी समझ में नहीं आ रहा था कि बेटे को शाबासी दें या हमेशा  की तरह इस बार भी प्रताड़ित करें!                                                        ***  

100, रामनगर एक्सटेंशन, देवास  455001      

Wednesday, 2 October 2013

व्यंग्य (नईदुनिया, 26.09.13)
                   बापू की जेल यात्रा
                               ओम वर्मा
                                   om.varma17@gmail.com      
“बापू की जेल यात्रा पर निबंध लिखो।“ गुरुजी ने उधम मचाते बच्चों को कुछ काम देने के उदेश्य से ब्लैक बोर्ड पर लिखा। लिखकर कुर्सी पर बैठे ही थे कि सारे विद्यार्थी खट से लिखने बैठ गए। गुरुजी को अपने शिष्यों पर गर्व हो आया। वर्ना शिक्षक बनने के बाद से हर साल गुरुः ब्रम्हा, गुरुः विष्णु ...” सुनते सुनते उनके कान पकने लग गए थे और शाल श्रीफल से घररने लग गया था।
     मगर जैसे चुनाव के बाद कोई दल वाले प्रारंभिक रुझान में स्पष्ट बहुमत आता दिखने पर टीवी टाक शो में दहाड़ना शुरू कर देते हैं और रुझान पलटते ही उनकी सारी खुशी काफ़ूर हो जाती है कुछ वैसे ही इन मास्टरजी की क्षणिक खुशियों पर भी तुषारापात हो गया। हुआ यूँ कि सारे बच्चों ने निबंध में जो लिखा था उसका लुब्बो-लुबाब कुछ यूँ है कि “एक फलां फलां बापूजी पर एक नाबालिग कन्या ने दुराचार का आरोप लगाया है जिस कारण वे कानून की फलां फलां धारा के तहत और नए नए पोस्को कानून के पहले शिकार के रूप में जोधपुर के बैकुंठधाम...आय मीन जेल में बंद हैं।“ हालांकि भाषा सबकी अलग अलग थी मगर मजमून लगभग एक जैसा था...जैसे किसी ने लिखा कि वे जोधपुर में ध्यानमग्न हैं, किसी ने लिखा एकांतवास पर हैं और किसी ने लिखा कि जोधपुर जेल में सत्संग करने गए हैं। किसी ने लिखा नारी जगत का कल्याण करने गए हैं और किसी ने लिखा कि किसी कन्या की प्रेत-बाधा दूर करने गए हैं। 
     बहरहाल बच्चों के शब्द गुरुजी के सामने राजधानी एक्सप्रेस की तरह गुजरने लगे और वे किसी पुल की तरह थरथराते हुए मुख से कभी नारायण नारायण और कभी हरिओम हरिओम बड़बड़ाने लगे। पेट्रोल- डीजल की कीमतों का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों और मोदी के नाम पर बार बार उखड़ते रहने वाले  पितृ पुरुष आडवाणी की तरह गुरुजी का क्रोध भी शीघ्र ही शांत हो गया। गायब फाइलों का ठिकाना समझाते महामात्य की तरह फिर वे बोले, “अरे बच्चों, ये तुमने क्या लिख डाला ? मैंने तुम्हें बापू की जेल यात्रा ...
     बापू जी की जेल यात्रा पर ही तो लिखा है गुरुजी।“ एक तिलकधारी विद्यार्थी ने बीच में ही गुरुजी की बात काटते हुए कहा। गुरुजी ने अपना माथा ठोकते हुए कहा, अरे मूर्खों! मैंने तुम्हें गुजरात वाले बापू की जेल यात्रा पर लिखने को कहा था।“
     “अरे गुरुजी अपुन बी तो गुजरात वाले पेईSSज़ लिखेला है।“ एक टपोरीनुमा विद्यार्थी की इस बात पर गुरुजी का भेजा सचमुच में आउट हो गया। “अरे नालायकों... मैं तो उस महापुरुष की बात कर रहा हूँ जो पुणे की यरवड़ा जेल...”
     “तो सीधे सीधे बोलो ना कि संजय दत्त पे लिखना था ...!” एक पहलवान टाइप बच्चे ने फिर बात काटी। अब तो गुरुजी के सब्र की गांधीगिरी भी सेंसेक्स  की तरह धड़ाम से नीचे आ गिरी थी। उन्हें खुद अपने पढ़ाए उस पाठ पर शक़ होने लगा कि कहीं उस दिन महात्मा गांधी की जीवनी पढ़ाने में उनसे एक बापू की स्टोरी में दूसरे बापू की स्टोरी मिक्स करने जैसी कोई चूक तो नहीं हो गई।
     शीघ्र ही गुरुजी की समझ में सारी बात आ गई। उनके जहन में उनके द्वारा सत्य के प्रयोग में पढ़े गए और फिल्म डिवीज़न की न्यूज़ रील में देखे गए बापू थे जबकि बच्चों के दिमाग में हाल ही में टीवी चैनलों के प्राइम टाइम पर छाए रहे बापू थे। उन बापू की लीला अंग्रेज़ नहीं समझ पाए थे और इनकी लीला इनके भक्तों को समझने में भी दस बारह साल लग गए। 
     जय रामजी की बोलना पड़ेगा ! 
                                                               ***
100, रामनगर एक्सटेंशन, देवास 455001

मो. 09302379199 

Wednesday, 18 September 2013



व्यंग्य
            मालवप्रदेश बनाया जाए
                                ओम वर्मा om.varma17@gmail.com
ब समय आ गया है कि दाल-बाफले खा-खाकर आलसीपन का ठप्पा लगवा चुके, अपने भोलेपन से टेपे के रूप में पहचान बना चुके और एक पूर्वज द्वारा जिस डाली पर बैठे उसी को काटने के विद्वतापूर्ण परफ़ोर्मेंस के कारण नेठूई गेलिएगमने घोषित हो चुके मालवावासी जागें, उठें और अपने लिए अलग राज्य मालवप्रदेश मांगें...बल्कि छीनें!
     इस देश को संस्कृत नाटकों का विद्वान कालिदास हमने दिया; काल की गणना के लिए जंतर-मंतर और विक्रम संवत हमने दिया। दुनिया वाले फ्रैंड्शिप डे मनाना तो अब सीखे हैं और भले ही सिप्पी ने जय-वीरू को दोस्ती सिखा दी हो, मगर उज्जयिनी में कृष्ण और सुदामा सालों पहले वनों में ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे... गाते गाते ही लकड़ियाँ काटा करते थे। पत्नी से टूटकर प्रेम करना और फिर उसी से भिक्षा माँगना भी हमारे राजा भर्तृहरि ने ही लोगों को सिखाया है। विक्रमादित्य जैसा तुरंत, सही व न्यायपूर्ण निर्णय लेने वाला राजा और  न्याय के लिए पुत्र को दंडित करने वाली  अहल्याबाई जैसी रानी चाहिए जो मालव भूमि ही दे सकती है। आंदोलन कभी हमने किए नहीं। जिमे राम राजी उमें नंदराम राजी हमारा मोटो है।     यह सही है कि कभी हमारी मालव माटी गहन गंभीर हुआ करती थी जहाँ पग पग पर रोटी मिलती थी और डग डग पर नीर बहा करता था। मगर अब इसमें सेंधमारी शुरू हो चुकी है। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार स्व॰ श्रीनरेश मेहता अपने उपन्यास उत्तरकथा में रेलों के मामले में मालवा के पिछड़ेपन का उल्लेख कर ही चुके हैं। यहाँ एक राजा साँपों से मुक्ति पाने के लिए नागदहन यज्ञ भी कर चुके हैं। यानी किसी को झूठमूठ डराने के लिए अब हमारे पास साँप भी नहीं बचे! दिल्ली वालों को डराने के लिए हमारे पास न तो कोई फायर ब्रांड नेत्री है और न ही विशेष दर्ज़ा माँगने वाला कोई नया नया सेक्युलर घोषित हुआ नेता! अब तो हमारी लड़ाई हमें खुद ही लड़नी पड़ेगी। इसलिए उज्जैन, शाजापुर, इंदौर, देवास और आसपास के सभी मालवावासियों ! उठो, जागो, बहती गंगा में हाथ धो लो और मांगो अपना मालवा ! जहाँ सच न चले वहाँ झूठ सही और जहाँ हक़ न मिले वहाँ लूट सही !
    यदि गिरते रुपए को बचाने में लगी सरकार मालवप्रदेश न देना चाहे तो फिलहाल मालवा क्षेत्र को तत्काल विशेष दर्ज़ा प्रदान करे क्योंकि हमें ज्यादा का लालच नहीं होता, हम तो थोड़े में ही गुजारा करते आए हैं। इस हेतु मालवा एक्स्प्रेस में मालवावासियों को आजीवन फ्री पास’, मालवा के त्योहारों पर राष्ट्रीय अवकाश, दाल-बाफले को राष्ट्रीय पकवान, पोहा-जलेबी को राष्ट्रीय नाश्ता, मीठी-कडक चाय को राष्ट्रीय पेय और किसी को भी कभी भी, कहीं भी बीड़ी पीने की छूट और उज्जैन में होने वाले गधों के मेले को अंतरराष्ट्रीय मान्यता... आदि की तत्काल घोषणा की जाए ! गांधीगिरी चलाने वाले या तो मौन धारण कर लेते हैं या यरवड़ा से बैठे बैठे पुलिसगिरी चलाने की कोशिश करने लगते हैं। मगर मालवप्रदेश में सिर्फ और सिर्फ टेपागिरी ही चलेगी !
                                                               ***

 100, रामनगर एक्सटेंशन, देवास 455001 


व्यंग्य       
           माँग और आपूर्ति की उलटबाँसी
                                                        ओम वर्मा
ढ़ाई तो मैंने विज्ञान विषयों की ही करी थी मगर उसका उपयोग आस पड़ोस के बच्चों को कभी निबंध लिखकर देने के लिए तो कभी बॉस के बच्चों को विज्ञान प्रदर्शनी में मॉडल बना कर देने, कभी वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में पॉइंट्स लिखकर देने और कभी अपने बच्चों का होम वर्क पूरा करवाने में होता रहा। यानी गर्व करने के लिए मैं कह सकता हूँ कि मेरी शिक्षा कहीं किसी के कुछ काम तो आई ! कभी कभी अपनी इस बुद्धिमत्ता और चतुराई पर मन को बड़ा गर्व होने लगता है कि मैंने अर्थशास्त्र की पढ़ाई नहीं की वर्ना किस काम आती ! अगर किसी बड़े स्थान पर होता तो मुझे भी बड़े बड़े अर्थशास्त्रियों की तरह रुपए के लुढ़कने और रसातल में जाती अर्थव्यवस्था का जवाब देने के लिए मुँह छुपाना पड़ जाता। और क्या पता कल को गिरते रुपए, घड़े को फोड़कर बाहर निकलते भ्रष्टाचार और सुरसामुख से भी ज्यादा विराट रूप ले चुकी महँगाई के लिए मुझे भी दोषी या चोर ठहरा दिया जाता। अंततः मैं भी तो उसी व्यवस्था का ही अंग हूँ।
     बहरहाल, जैसे हिंसा को जस्टिफ़ाइ करने के लिए हमें कभी बड़े पेड़ों के गिरने पर छोटे-मोटों को होने वाली हानि या क्रिया की प्रतिक्रिया के नियमों का बिना भाषाशास्त्रियों या बिना न्यूटन का आभार माने सहारा लेना ही पड़ता है कुछ उसी तरह अर्थशास्त्री किसी भी लोचे में माँग और आपूर्ति के नियम में अपनी सद्गति ढूढ़ने की पुरजोर कोशिश करने लगते हैं। इस नियम के अनुसार माँग ज्यादा और आपूर्ति कम होने पर वस्तु महँगी तथा सरप्लस होने पर सस्ती हो जाती है। लेकिन अर्थशास्त्र तो ठीक, जीवन के सभी क्षेत्रों में यह नियम दम तोड़ता नज़र आता है। जैसे हमें पढ़ाया गया था कि हमें नेता नहीं नागरिक चाहिए! यानी नेताओं की माँग नहीं है। इधर हम देख रहे हैं कि नेताओं की तादाद दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ती जा रही है। यानी माँग कम, मगर आपूर्ति ज्यादा ! अब आपूर्ति ज्यादा होने से नेताओं के भाव अपने आप कम होने थे। मगर ऐसा नहीं हुआ। हर नेता का अपना भाव। मूल्य सूचकांक व ग्राफ के अक्षों (axis) को लांघता भाव !
     बाज़ार में अनाज की आसमान छूती कीमतों को देखकर अभी अभी  केंब्रिज का गाउन टाँग कर बैठे कुछ मित्र माँग और आपूर्ति वाला ज्ञान बघारते हुए फरमाने लगते हैं कि इस बार फ़स्ल की पैदावार कम होने से आपूर्ति कम हुई, जिस कारण अनाज महँगा हुआ है ! मगर पैदावार के सरकारी आँकड़े बताते हैं कि इस बार जैसी पैदावार तो कभी हुई ही नहीं ! इतनी पैदावार कि रखने की जगह नहीं...माँग की आवाज को आपूर्ति का शस्त्र बनाकर कुचलने से पूर्व बाहर पड़े पड़े बारिश में भीगने और सढ़ने को तैयार पड़ा अनाज...! अनाज भी भरपूर मगर भाव उससे भी ज्यादा भरपूर !
     धर्मों-संप्रदायों और संत-बाबाओं का देश ! इतने बाबा कि पैरों तले आने लगे। आश्रमों से लेकर जेलों तक और सियासी शिविरों से लेकर टीवी चैनलों तक उपदेश देते, ज़मीनों पर कब्जा जमाते, कृपा से लेकर क्रोध तक बरसाते बाबा, दवा देकर शरीर की स्पर्श चिकित्सा से नाबालिग अहल्याओं का उद्धार करते बाबा...! माँग से कई गुना ज्यादा बाबा होने पर भी एक भी बाबा को न तो बिना अपाइंटमेंट मिलने या प्रवचन देने की फुरसत है और न ही गिरफ्तारी आदेश को तामील करने की जल्दी ! यानी माँग से ज्यादा आपूर्ति होने पर भी बाबाओं का इकबाल भी बुलंद है
     आज देश में बाबागिरी गांधीगिरी पर भारी पड़ रही है।

                       ***      100, रामनगर एक्सटेंशन, देवास 455001 


व्यंग्य
              
              बापू की डायरी के अंश
              ओम वर्मा 
                                                                                    
बापू यहाँ भी डायरी लिखते थे और स्वर्ग में भी लिखते हैं। स्वर्ग की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में उनके जन्म दिवस के अवसर पर उसके कुछ अंश जारी किए गए हैं जो आपके सामने रख रहा हूँ :-
      मुझे नाथूराम गोड़से (जिन्हें कि आज यदि कोई विशिष्ट राजनेता श्री नाथूरामजी गोड़से साहब भी कह दें तो आश्चर्य न करें) ने पैंसठ साल पहले एक बार मारा जरूर था लेकिन उसके बाद भी मैं अब रोज रोज मर रहा हूँ..! भारत में जब भी किसी ‘होरी’ ने आत्महत्या की हैमैं एक बार फिर मरा हूँ। उधर एक पूर्वोत्तर राज्य में एक महिला एक्टिविस्ट शर्मीला कई वर्षों से भूख हड़ताल पर बैठी है व नाक से दिए जा रहे भोजन पर जिंदा है। मैं उस आंदोलनरत युवती की आत्मा का ही हिस्सा हूँ...उसके साथ रोज तिल तिल कर मर रहा हूँ। गत 16 दिसंबर की रात दिल्ली में जो हुआ था तब मैंने स्वयं को यरवड़ा जेल में किए गए अनशन के दौरान उठाई गई तकलीफों और दक्षिणी अफ्रीका में रेलगाड़ी से टीटी द्वारा बाहर निकाल दिए जाने पर हुए कष्ट से भी ज्यादा आहत महसूस किया था। मुझे पहले जब राष्ट्रपिता की उपाधि दी गई और बाद में नोटों पर जब मेरी तस्वीर लगाई गई तो मैंने समझा था कि ये लोग मेरे विचार जन जन तक पहुँचा कर रहेंगे। मगर जब जब भी मेरी तस्वीर वाली गड्डियाँ जोशियों के बिस्तरों से मिलींकोयले खदान की नीलामी वालों की या कर्णाटक की खदान वालों की जेबों में गईंमुझे फिर आहत होना पड़ा है।
     देशवासियों ने हर शहर में मेरे नाम पर मार्ग का नाम रखकर मुझे ‘अमर’ बनाना चाहामगर उस मार्ग पर खुली गांधी साहित्य से लेकर चरखे तक की और खादी से लेकर सारी स्वदेशी वस्तुओं तक की दुकानें धीरे धीरे रेडियो की तरह लुप्त होती जा रही हैं। खादी पर मेरी जयंति पर जितनी छूट मिलती है उससे ज्यादा छूट शराब के ठेकों पर 31 मार्च से पूर्व स्टॉक क्लीयरेंस के नाम पर मिल जाती है। गांधी साहित्य की दुकानों पर सन्नाटा और शराब की दुकानों पर राष्ट्रीय त्योहारों की पूर्व संध्या पर मेरी प्रार्थना सभाओं जैसी भीड़ देखकर मैं एक बार फिर ‘हे राम !’ कहने को विवश हो जाता हूँ।
     इन दिनों हर नेता के अशिष्ट बयानों से मैं आहत हुआ हूँ। हर नेता ने अपने कक्ष में मेरी लाठी लेकर चलने वाली तस्वीर लगा जरूर रखी हैपर सभी ने मेरे विचारों को तिलांजली देकर महज़ लाठी को अपना शस्त्र बना रखा है। मैं अपने सीने में विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार एवं वस्त्रों की होली की आँच अभी भी महसूस कर रहा हूँमगर मेरे नाम से वोटों की फसल काटने वाले मेरे मित्र न सिर्फ अपना उपचार विदेश में करवा लेते हैं बल्कि उनके लिए प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के लिए पलक पाँवड़े भी बिछाए बैठे हैं। पता नहीं मुझे और कब तक मारना चाहेंगे ! हे राम !    
ओम वर्मा100रामनगर एक्सटेंशन. देवास 455001  
                           omvarmadewas.blogspot.in         mob.    09302379199